Pages

Tuesday, 30 October 2012

आईसीसी ने रंगीन गेंद के साथ दी डे-नाइट टेस्ट को मंजूरी

दुबई: आईसीसी ने दिन-रात्रि टेस्ट मैच को मंजूरी दे दी है। इसमें हालांकि गेंदों के रंग पर फैसला सदस्य बोर्ड करेंगे। श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच शुरू होने वाली टेस्ट, एकदिवसीय और ट्वेंटी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की शृंखला से पूर्व खेल से संबंधित नए नियमों को लेकर यह घोषणा की गई है। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड जैसे देश पिछले कुछ समय से दिन-रात टेस्ट मैचों पर प्रयोग कर रहे हैं और आईसीसी के इस फैसले के बाद लम्बी अवधि के प्रारूप के मैच जल्द ही दूधिया रोशनी में खेले जा सकते हैं। आईसीसी ने बयान में कहा, भागीदार देश दिन-रात्रि टेस्ट मैच खेलने पर राजी हो सकते हैं। घरेलू और मेहमान टीम के बोर्ड खेल के समय तथा गेंद के ब्रांड, टाइप और रंग पर फैसला करेंगे। आईसीसी ने इसके साथ ही खेल की परिस्थितियों में काफी बदलावों की भी घोषणा की। इसमें पावरप्ले, एकदिवसीय मैचों में शॉर्ट पिच, गेंद और क्षेत्ररक्षण की पाबंदी, टेस्ट और वनडे में निर्णय समीक्षा प्रणाली (डीआरएस), नोबॉल, डेड बॉल, ओवर रेट तथा टी-20 में एक ओवर के एलिमिनिटेर शामिल हैं। इसमें कहा गया है, टेस्ट, वन-डे और ट्वेंटी-20 अंतरराष्ट्रीय खेलों के लिए खेल की नई परिस्थितियां श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच पाल्लेकल में 30 अक्तूबर से शुरू होने वाली शृंखला से लागू होंगे। आईसीसी क्रिकेट समिति की सिफारिशों के बाद आईसीसी बोर्ड ने संशोधनों को मंजूरी दे दी है। आईसीसी ने कहा कि बिना पावरप्ले वाले ओवरों में 30 गज की सीमा से बाहर चार से अधिक क्षेत्ररक्षकों को रखने की अनुमति नहीं दी जाएगी। आईसीसी और टेस्ट में लागू डीआरएस के बारे में आईसीसी ने कहा कि एलबीडब्ल्यू से संबंधित उपबंध में संशोधन किया गया है। टेस्ट, वनडे और टी-20 में नोबॉल के बारे में कहा गया है कि पांव की नोबॉल के लिए तीसरे अंपायर की मदद ली जा सकती है और यदि तीसरा अंपायर समझता है कि नोबॉल थी तो वह मैदानी अंपायर को बल्लेबाज के आउट होने की दशा में उसे नाबाद और नोबॉल का संकेत दे सकता है।

Friday, 31 August 2012

आईसीसी टी-20 रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंच सकता है भारत

दुबई: भारत को आईसीसी ट्वेंटी-20 रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने का मौका मिल सकता है, अगर वे घरेलू सरजमीं पर आगामी टी-20 मैचों में इंग्लैंड को हरा दे और साथ ही कुछ अन्य अंतरराष्ट्रीय परिणाम उनके हक में चले जाएं। इस साल के अंत तक करीब सात ट्वेंटी-20 मैचों के खेले जाने की पुष्टि हो गई है, जिसमें ज्यादातर शीर्ष रैंकिंग पर काबिज टीम होंगी।

आईसीसी के बयान के अनुसार अगर श्रीलंकाई टीम पालेकेले में हार जाती है, तो तालिका में शीर्ष में दो बार बदलाव हो सकता है। आईसीसी विश्व ट्वेंटी-20 के फाइनल में पहुंचने वाली श्रीलंकाई टीम आईसीसी टी-20 अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप तालिका में नंबर एक रैंकिंग टीम के तौर पर शुरुआत करेगी, जबकि आईसीसी विश्व टी-20 सुपर आठ चरण में सुपर ओवर में दो मैच गंवाने वाली न्यूजीलैंड की टीम आठवें स्थान से शुरुआत करेगी।

श्रीलंका की एक जीत सुनिश्चित कर देगी कि वह टी-20 रैंकिंग में नंबर एक टीम के तौर पर वर्ष का समापन करेगा, लेकिन अगर वह हार जाता है, तो 2011 में पहली बार लॉन्च की गई आईसीसी चैंपियनशिप तालिका में आईसीसी विश्व टी-20 चैंपियन वेस्ट इंडीज उसका नंबर एक स्थान छीन सकता है। श्रीलंकाई टीम के न्यूजीलैंड से हारने से एंजेलो मैथ्यूज की टीम छह रेटिंग अंक गंवा देगी और डेरेन सैमी की टीम के साथ 121 रेटिंग अंक पर पहुंच जाएगी।

इसका मतलब है कि अगर वेस्टइंडीज की टीम 10 दिसंबर को ढाका में बांग्लादेश को हरा देती है, तो कैरेबियाई टीम अपने आईसीसी विश्व खिताब में नंबर एक रैंकिंग भी जोड़ देगी। इससे हालांकि शीर्ष क्रम में वह थोड़े समय तक ही रहेगी, क्योंकि भारतीय टीम अगर इंग्लैंड को 20 और 22 दिसंबर को क्रमश: पुणे और मुंबई में होने वाले ट्वेंटी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में हरा देगी, तो वह वेस्ट इंडीज को पछाड़ सकती है।

अगर भारत, इंग्लैंड को 2-0 से हरा देता है, तो महेंद्र सिंह धोनी की टीम को सात रेटिंग अंक मिलेंगे और टीम 127 रेटिंग अंक पर पहुंच जाएगी तथा वह वेस्ट इंडीज से पांच अंक ऊपर होगी। भारतीय टीम अगर 1-1 से बराबर रहती है, तो इस परिणाम से भारत और इंग्लैंड शृंखला से पहले के रेटिंग अंक बरकरार रखेंगे।